पश्चिमी नीतियों पर व्लादिमीर पुतिन का तीखा प्रहार मॉस्को(ईएमएस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने वैश्विक वित्तीय प्रणाली पर पश्चिमी देशों के एकाधिकार की कड़ी आलोचना करते हुए एक बड़ा दावा किया है। सेंट पीटर्सबर्ग इंटरनेशनल इकोनॉमिक फोरम के मुख्य सत्र में बोलते हुए पुतिन ने कहा कि पश्चिमी देशों द्वारा लगाए जा रहे आर्थिक प्रतिबंधों और दूसरे देशों की संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई के कारण दुनिया भर में अविश्वास की स्थिति पैदा हो गई है। यही मुख्य वजह है कि ब्रिक्स संगठन सहित दुनिया के कई विकासशील देश अब अमेरिकी डॉलर और यूरो पर अपनी निर्भरता को तेजी से कम कर रहे हैं। इस विशेष सत्र में पुतिन ने साफ किया कि ब्रिक्स और ग्लोबल साउथ का तेजी से होता उदय वैश्विक व्यापार, अर्थव्यवस्था और तकनीक के पूरे परिदृश्य को बदल रहा है। उन्होंने पश्चिमी देशों की आर्थिक नीतियों को अदूरदर्शी बताते हुए कहा कि ये देश वैश्विक वित्तीय व्यवस्था का लगातार दुरुपयोग कर रहे हैं। अपने राष्ट्रीय हितों के खिलाफ जाने वाले देशों को सजा देने के लिए पश्चिमी ताकतें किसी का भी सेटलमेंट, तकनीक और लॉजिस्टिक सिस्टम कभी भी बंद कर देती हैं। यूक्रेन विवाद के बाद रूस के रिजर्व फंड को फ्रीज किए जाने को पुतिन ने चोरी करार दिया और कहा कि इस कदम से दुनिया का डॉलर और यूरो पर से भरोसा हमेशा के लिए टूट चुका है। रूसी राष्ट्रपति ने बताया कि इस डर के चलते देश अब व्यापार के लिए अपनी राष्ट्रीय मुद्राओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। साथ ही डिजिटल फाइनेंस एसेट्स और सेंट्रल बैंकों की डिजिटल करेंसी की भूमिका भी काफी बढ़ गई है। रूस वर्तमान में अपने प्रमुख साझेदारों के साथ अपनी राष्ट्रीय मुद्रा में ही व्यापार कर रहा है और रूस के कुल निर्यात का करीब 65 फीसदी लेन-देन अब रूबल में हो रहा है।आर्थिक आंकड़ों को साझा करते हुए पुतिन ने बताया कि ब्रिक्स देश अब जी-7 देशों से बहुत आगे निकल चुके हैं। क्रय शक्ति (पीपीपी) के आधार पर वैश्विक जीडीपी में ब्रिक्स का हिस्सा अब 40 प्रतिशत हो गया है, जबकि जी7 की हिस्सेदारी घटकर 20 प्रतिशत से भी कम रह गई है। पुतिन के अनुसार, आने वाले समय में ब्रिक्स की अर्थव्यवस्थाएं 4 प्रतिशत सालाना से अधिक की दर से बढ़ेंगी, जबकि जी7 देशों की विकास दर केवल 1.1 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वैश्विक व्यापार का केंद्र अब पूर्व और दक्षिण की ओर शिफ्ट हो रहा है और नए व्यापारिक रास्ते पश्चिमी नियंत्रण वाले हब को दरकिनार कर रहे हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/06जून2026