खैरागढ़ (ईएमएस)। जिले के छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव की आत्महत्या की खबर से पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। शनिवार तड़के उनका शव खैरागढ़ शहर के दाऊचौरा स्थित निवास में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक शीतल यादव अपने परिवार के साथ खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक 16 स्थित दाऊचौरा क्षेत्र में रहते थे। शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे, जबकि शीतल यादव घर के हॉल में मौजूद थे। शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को गमछे के सहारे फंदे पर लटका देखा। यह दृश्य देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए दुर्ग से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किए जाने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। परिजनों, सहकर्मियों और परिचितों से पूछताछ कर यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि आत्महत्या के पीछे कोई व्यक्तिगत, पारिवारिक या अन्य कारण तो नहीं था। शीतल यादव को विभाग में एक जिम्मेदार, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के रूप में जाना जाता था। उनके अचानक निधन की खबर से पुलिस महकमे के अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा दुख व्याप्त है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। - (ईएमएस) 06 जून 2026