खेल
06-Jun-2026
...


ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान का बड़ा खुलासा - बाल-बाल बची जान अहमदाबाद (ईएमएस)। आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले के बाद जहां रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का जश्न मना रही थी, वहीं उसी रात कई अप्रत्याशित घटनाएं भी सामने आईं। गुजरात टाइटंस की टीम बस में आग लगने की घटना के बाद अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने खुलासा किया है कि वह भी उसी रात एक गंभीर सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए थे। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में उनकी जान बच गई और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटंस को हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी। मैच के बाद माइकल क्लार्क, जो टूर्नामेंट के आधिकारिक कमेंट्री पैनल का हिस्सा थे, एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान हाईवे पर उनकी कार एक बड़े ट्रेलर ट्रक से टकरा गई। माइकल क्लार्क ने एक क्रिकेट पॉडकास्ट में इस दुर्घटना के बारे में विस्तार से बताया। उनके अनुसार हादसा आधी रात के बाद हुआ, जब वह कार की आगे वाली सीट पर बैठे हुए थे और झपकी ले रहे थे। इसी बीच उनकी कार सड़क पर चल रहे एक बड़े सेमी-ट्रेलर ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन ट्रक के नीचे तक घुस गया। क्लार्क ने बताया कि दुर्घटना के बाद उनके चालक ने उन्हें बताया कि ट्रक की ब्रेक लाइट काम नहीं कर रही थी, जिसके कारण समय रहते ट्रक का अंदाजा नहीं लग पाया। उन्होंने कहा कि कार का सामने वाला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था और डैशबोर्ड भी दबकर केबिन के भीतर आ गया था। टक्कर का प्रभाव इतना तेज था कि कार का अगला भाग अंदर की ओर धंसकर उनके पैरों तक पहुंच गया। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने बताया कि उन्हें केवल मामूली खरोंचें और हल्की चोटें आईं, लेकिन चालक को पैर में गंभीर चोट लगी। उन्हें आशंका है कि चालक के पैर की हड्डी में हल्का फ्रैक्चर हो सकता है। क्लार्क ने माना कि हादसा बेहद भयावह था और परिस्थितियां थोड़ी भी अलग होतीं तो परिणाम कहीं अधिक गंभीर हो सकते थे। डेविड/ईएमएस 06 जून 2026