- आधे घंटे तक पटरियों पर तड़पती रही लोको पायलट और राहगीरों की बेरुखी के बीच बुजुर्ग ने पेश की इंसानियत की मिसाल गुना (ईएमएस)।। शहर के बजरंगगढ़ ओवरब्रिज पर शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक 19 वर्षीय युवती ने ओवरब्रिज से रेलवे ट्रैक पर छलांग लगा दी। युवती सीधे रेलवे पटरियों पर खड़े एक इंजन के सामने जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बाद वह काफी देर तक पटरियों पर तड़पती रही, लेकिन वहां से गुजरने वाले अधिकांश लोग मूकदर्शक बने रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती के गिरने के समय एक रेलवे इंजन ट्रैक पर खड़ा था। वहीं पास की दूसरी पटरी पर भी एक इंजन मौजूद था। बताया जाता है कि लोको पायलट ने युवती को घायल अवस्था में देखा, लेकिन वह नीचे उतरकर मदद के लिए नहीं आया। इस दौरान कई राहगीर भी वहां से निकले, लेकिन किसी ने तत्काल सहायता नहीं की। करीब आधे घंटे बाद वहां से गुजर रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति की नजर घायल युवती पर पड़ी। उन्होंने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण वह उठ नहीं सकी। इसके बाद बुजुर्ग ने आसपास के लोगों को आवाज लगाई। मौके पर पहुंचे लोगों ने तत्काल एक ऑटो की व्यवस्था कर युवती को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल युवती आरोन में पदस्थ एक आरक्षक की पुत्री है और लंबे समय से नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह पिछले पांच-छह दिनों से कोचिंग भी नहीं जा रही थी। हालांकि युवती के इस कदम के पीछे क्या कारण रहे, इसका अभी खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों ने भी फिलहाल मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक आरक्षक की बेटी घायल हुई है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। युवती ओवरब्रिज से कूदी है या किसी अन्य कारण से नीचे गिरी है, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल उसकी स्थिति बयान देने योग्य नहीं है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।- सीताराम नाटानी