06-Jun-2026
...


- तमिलनाडु में मिला शव, शुरुआती जांच में सुसाइड का शक - त्रिवेंद्रम में पत्नी का गला रेतकर भागा था, पुलिस कर रही थी तलाश तिरुवनंतपुरम (ईएमएस)। केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम के नलांचिरा में पत्नी की बेरहमी से हत्या करने के आरोपी 46 वर्षीय सुरेश कुमार का शव तमिलनाडु के चिदंबरम में रेलवे ट्रैक पर मिला है। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही है। सुरेश अपनी पत्नी हसीना बीवी की हत्या करने के बाद से फरार चल रहा था और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। पुलिस तफ्तीश के अनुसार, बुधवार को वारदात को अंजाम देने के बाद सुरेश घर से करीब 15 हजार रुपये समेटकर अपनी कार से भागा था। पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन किल्लीपालम के एक होटल के पास ही छोड़ दिया और खुद तमिलनाडु की तरफ निकल गया। सीसीटीवी फुटेज में उसकी कार नलांचिरा से नेमोम की ओर जाती दिखी थी, जो बाद में बालारामपुरम रेलवे स्टेशन के पास लावारिस हालत में बरामद हुई। पुलिस का अनुमान है कि वह बालारामपुरम से ट्रेन पकड़कर तमिलनाडु पहुंचा और वहां ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी। इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए केरल पुलिस तमिलनाडु पुलिस के साथ संपर्क बनाए हुए है। पुलिस ने बताया कि नलांचिरा स्थित घर में बुधवार तड़के दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। सुरेश को अपनी पत्नी के किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का शक था, जिसके चलते दोनों के वैवाहिक संबंध लंबे समय से तनावपूर्ण चल रहे थे। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना से महज एक दिन पहले ही दोनों पुलिस स्टेशन में काउंसलिंग सत्र का हिस्सा बने थे और साथ रहने पर राजी हुए थे। विवाद के बाद जब हसीना ऊपर के कमरे में चली गईं, तो सुरेश ने पीछे से जाकर चाकू से उनका गला रेत दिया और सीने पर भी गहरे वार किए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गर्दन और सीने पर गहरे घावों के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। वारदात के वक्त घर में दंपति के चार बच्चे और हसीना की मां भी मौजूद थे। हत्या के तुरंत बाद उनकी बड़ी बेटी ने मन्नंथला पुलिस को इसकी सूचना दी थी। - ईएमएस 06 जून 2026