- न्यू कंचनपुर में बाहर से बंद मकान में कल संदिग्ध अवस्था में मिली थी पत्नी की लाश जबलपुर (ईएमएस)। अधारताल न्यू कंचनपुर स्थित एक बाहर से बंद किराए के मकान में कल शुक्रवार को संदिग्ध स्थितियों में 35 साल की महिला नेहा सिंह की लाश मिलने के बाद शनिवार सुबह रांझी थाना क्षेत्रांतर्गत व्हीकल इस्टेट के एक खंडहर हो चुके क्वार्टर में उक्त महिला के पति मयंक की लाश फंदे में लटकी हुई मिली है। कल महिला की लाश मिलने के बाद से अधारताल पुलिस संदेह के आधार पर उसके पति मयंक सिंह को तलाश रही थी। ऐसी संभावना है कि मयंक सिंह ने आत्महत्या करने के लिए फांसी लगा ली है। रांझी पुलिस ने मयंक की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू करने के साथ ही मामले की सूचना अधारताल पुलिस को दी है। इस संबंध में रांझी थाना प्रभारी उमेश गोल्हानी से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की शाम व्हीकल इस्टेट में उक्त युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता हुआ सुरक्षा कर्मियों को दिखा था लेकिन उसे पकड़ा जाता इसके पहले वो अपना वाहन छोड़कर भाग गया था। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें एक सुसाइड नोट मिला था जिसके बाद से लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। इसी दौरान आज सुबह युवक की लाश मिलने की सूचना मिली। गौरतलब हो कि कल शुक्रवार को न्यू कंचनपुर में स्थित मकान के मालिक ने अधारताल थाना पुलिस को सूचना दी कि उनके किराएदार पति-पत्नी पिछले 2-3 दिनों से दिखाई नहीं दे रहे हैं और बंद कमरे के भीतर से तेज बदबू आ रही है। सूचना पर अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे। कमरे का ताला तोड़कर पुलिस दाखिल हुई तो रसोई में 35 वर्षीय नेहा सिंह का शव पड़ा मिला था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल, डॉग स्क्वॉड और फिंगरिप्रंट विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। मृतिका के पति मयंक के लापता होने पर पुलिस को प्रारंभिक तौर पर उस पर पत्नी की हत्या का संदेह हुआ और इस पर पुलिस मयंक की तलाश में जुट गई थी। 35 वर्षीय नेहा सिंह मूल रूप से मदन महल क्षेत्र के आमनपुर की रहने वाली थी । नेहा के पहले पति की मौत हो चुकी थी। उसने कटनी निवासी मयंक सिंह से दूसरा विवाह किया था। और अपने दूसरे पति मयंक सिंह के साथ न्यू कंचनपुर में किराए के मकान में रह रही थी प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने यह बताया था कि महिला की मौत 2-3 दिन पहले हुई होगी. शव काफी हद तक सड़ चुका है। माता-पिता की मौत के बाद से 8 साल का मासूम बेटा डरा सहमा हुआ है। अजय पाठक / मोनिका / 06 जून 2026/ 02.01