खेल
06-Jun-2026
...


आईपीएल से टीम इंडिया तक का सफर: नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीमों की घोषणा कर दी है। इस चयन में सबसे बड़ा आकर्षण 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी रहे, जिन्होंने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन के दम पर तीनों स्क्वॉड में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। वे भारतीय टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। उनके चयन ने क्रिकेट जगत में नई चर्चा छेड़ दी है। वैभव के साथ ही एक और युवा खिलाड़ी ने पहली बार भारतीय टीम में जगह बनाकर सुर्खियां बटोरी हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में चुना गया है। आईपीएल 2026 में अपनी रफ्तार और सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले प्रिंस ने चयनकर्ताओं को खासा प्रभावित किया। आईपीएल 2026 प्रिंस यादव के करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ, जहां उन्होंने 14 मैचों में 16 विकेट झटके और अपनी टीम के सबसे सफल गेंदबाज बने। मुश्किल परिस्थितियों में विकेट निकालने की उनकी क्षमता ने उन्हें राष्ट्रीय टीम तक पहुंचा दिया। प्रिंस यादव की यात्रा संघर्षों से भरी रही है। उनके पिता चाहते थे कि वह पुलिस सेवा में जाएं, लेकिन प्रिंस का सपना क्रिकेटर बनने का था। टेनिस बॉल क्रिकेट से शुरुआत करने वाले प्रिंस ने 18 साल की उम्र में लेदर बॉल से गेंदबाजी शुरू की और धीरे-धीरे अपनी पहचान बनाई। हालांकि उनके करियर में एक बड़ा झटका तब लगा जब उम्र विवाद के चलते उन पर दो साल का प्रतिबंध लगा, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। दिल्ली प्रीमियर लीग, रणजी ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें आईपीएल में मौका मिला। अब प्रिंस यादव टीम इंडिया की नीली जर्सी में अपने सपनों को साकार करने के लिए तैयार हैं, जबकि वैभव सूर्यवंशी का उदय भारतीय क्रिकेट के भविष्य की नई उम्मीद बनकर सामने आया है। डेविड/ईएमएस 06 जून 2026