खेल
06-Jun-2026
...


टेस्ट करियर पर लगाई ब्रेक नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के टेस्ट करियर को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है। पहली बार भारतीय टी20 टीम में शामिल किए गए वैभव को लेकर जब उनके टेस्ट भविष्य पर सवाल पूछा गया, तो अगरकर ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा कि फिलहाल उनका चयन केवल छोटे प्रारूप यानी टी20 क्रिकेट के लिए किया गया है। अजीत अगरकर ने साफ कहा कि वैभव अभी बहुत युवा हैं और रेड बॉल क्रिकेट में उनका अनुभव सीमित है। उन्होंने कहा कि घरेलू क्रिकेट में अधिक मैच खेलने और लंबे प्रारूप में खुद को तैयार करने के बाद ही उनके टेस्ट करियर पर विचार किया जाएगा। अगरकर के अनुसार, “अभी जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है, उन्हें धीरे-धीरे आगे बढ़ने दिया जाएगा।” उन्होंने आगे वैभव की प्रतिभा की जमकर सराहना की और कहा कि लगातार दो आईपीएल सीजन और अंडर-19 क्रिकेट में उनके प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। अगरकर ने माना कि उनकी क्षमता और निरंतरता ने ही उन्हें टीम इंडिया में जगह दिलाई है। वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम की थी। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक लगाए और 237.30 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से सभी का ध्यान खींचा। उनके इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। टीम इंडिया को अब आयरलैंड के खिलाफ 26 और 28 जून को दो टी20 मैच खेलने हैं, जबकि इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी। माना जा रहा है कि इन सीरीज में वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका मिल सकता है। चयनकर्ताओं का मानना है कि वैभव को सीमित ओवरों के प्रारूप में तैयार करना सही कदम होगा, जिससे वह भविष्य में लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट का हिस्सा बने रह सकें। डेविड/ईएमएस 06 जून 2026