नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विदेशों या दिल्ली में बैठे कुछ लोग भारत के युवाओं की दिशा तय करने का सपना देख रहे हैं, लेकिन देश का युवा किसी के इशारों पर नहीं चलने वाला। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल युवाओं को सकारात्मक राष्ट्रनिर्माण की बजाय नकारात्मक राजनीति की ओर धकेलने का प्रयास कर रहे हैं। एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भारत का युवा जागरूक, आत्मविश्वासी और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को विकास, नवाचार और देश निर्माण में लगाना समय की आवश्यकता है। भाजपा युवाओं को नेतृत्व और अवसर देने के लिए लगातार काम कर रही है। भाजपा अध्यक्ष ने बिना किसी दल का नाम लिए विपक्षी राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कुछ शक्तियां युवाओं को भ्रमित कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का युवा अब तथ्यों और विकास के आधार पर निर्णय लेता है तथा किसी बाहरी प्रभाव में आने वाला नहीं है। गौरतलब है कि हाल ही में भाजपा संगठन ने युवाओं तक पहुंच बढ़ाने और सामाजिक आधार को मजबूत करने के लिए विशेष अभियान शुरू किए हैं। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि देश के विकास में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सुबोध/०६-०६-२०२६