नई दिल्ली (ईएमएस)। उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस वर्ष नए रिकॉर्ड बना रही है। यात्रा शुरू होने के महज 55 दिनों के भीतर 31 लाख से अधिक श्रद्धालु बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए राज्य सरकार और प्रशासन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वास्थ्य और यातायात व्यवस्थाओं को और मजबूत किया है। चारधाम यात्रा के तहत सबसे अधिक श्रद्धालुओं की भीड़ केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में देखने को मिल रही है। यात्रा सीजन की शुरुआत से ही देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। सरकार का दावा है कि दर्शन, आवागमन, पार्किंग और आवास की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया गया है, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिल रही है। मानसून के आगमन को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए होल्डिंग एरिया, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और पार्किंग की अतिरिक्त व्यवस्था की जा रही है। हालांकि यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी सामने आई हैं। रिपोर्टों के अनुसार यात्रा के पहले महीने में विभिन्न कारणों से कई श्रद्धालुओं की मौत हुई, जिसके बाद स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा सुविधाओं को और सुदृढ़ किया गया है। चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। सुबोध/०६-०६-२०२६