अमृतसर (ईएमएस)। पंजाब के अमृतसर में ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले एनआरआई सुनील शर्मा की हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सुनील शर्मा की हत्या उनके सगे भाई सतीश शर्मा ने करोड़ों रुपये की संपत्ति हड़पने के लिए रची गई साजिश के तहत करवाई थी। अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवलप्रीत सिंह चहल के अनुसार, 23 मई को सुनील शर्मा की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया। जांच में पता चला कि सतीश शर्मा ने अपने बेटे सनी शर्मा और प्रॉपर्टी डीलर लखविंदर सिंह के साथ मिलकर सुनील शर्मा को संपत्ति के सौदे के बहाने बुलाया। आरोप है कि उन्हें नींद की गोलियां देकर बेहोश किया गया और बाद में सिर पर वार कर उनकी हत्या कर दी गई। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए खून से सने बिस्तर और अन्य सामग्री को छिपाने की कोशिश की गई। पुलिस के मुताबिक, सुनील शर्मा पंजाब में लगभग पांच से छह करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों के मालिक थे। आरोपियों ने कथित तौर पर जाली पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर उनकी और उनकी बहन की संपत्तियां बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस को आशंका है कि हत्या के बाद शव को हरिके क्षेत्र में फेंका गया। शव की तलाश जारी है, जबकि दो अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। सुबोध/०६-०६-२०२६