राष्ट्रीय
06-Jun-2026


कोलकाता (ईएमएस)। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी ने बड़ा संगठनात्मक फेरबदल किया है। पार्टी में बढ़ते असंतोष और बगावत की आशंकाओं के बीच ममता बनर्जी ने कई अहम समितियों और संगठनात्मक इकाइयों में बदलाव करते हुए अनुभवी और भरोसेमंद नेताओं को प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस कदम को पार्टी पर अपनी पकड़ मजबूत करने और आंतरिक संकट से निपटने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार, इस फेरबदल से ममता बनर्जी के भतीजे और पार्टी के प्रमुख नेता अभिषेक बनर्जी के प्रभाव में कमी आई है। हाल के दिनों में पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर मतभेद खुलकर सामने आए हैं और कई विधायकों तथा सांसदों के असंतोष की खबरें सामने आई हैं। ऐसे में ममता बनर्जी ने संगठन का नियंत्रण सीधे अपने हाथ में लेने की कोशिश की है। सूत्रों के मुताबिक, टीएमसी में बगावत की चर्चाओं के बीच कई नेताओं की बैठकों और संभावित टूट की अटकलों ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में ममता बनर्जी द्वारा बुलाई गई बैठक में अपेक्षा से काफी कम विधायक और सांसद पहुंचे, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष की अटकलों को और बल मिला। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह फेरबदल आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठन को एकजुट रखने की दिशा में ममता बनर्जी का बड़ा दांव है। हालांकि, आने वाले दिनों में यह स्पष्ट होगा कि यह कदम टीएमसी के भीतर बढ़ते असंतोष को कितना नियंत्रित कर पाता है। सुबोध/०६-०६-२०२६