राज्य
07-Jun-2026


भोपाल (ईएमएस) । रामगंजमंडी-भोपाल नई बड़ी रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत निर्मित श्यामपुर-कुरावर रेलखंड के कमीशनिंग कार्य के लिए रेल संरक्षा आयुक्त, मुंबई द्वारा दिनांक 12 जून 2026 को विशेष निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण कार्यक्रम के तहत 12 जून 2026 को प्रात: 08:00 बजे से सायं 07:00 बजे तक श्यामपुर-कुरावर रेलखंड पर विभिन्न संरक्षा एवं तकनीकी मानकों का परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान उक्त रेलखंड पर ट्रेनों का आवागमन तीव्र गति से संचालित किया जाएगा। रेल प्रशासन द्वारा आमजन, विशेषकर खिलचीपुर-राजगढ़ रेलखंड एवं इसके आसपास स्थित ग्रामों एवं बस्तियों के निवासियों से अपील की गई है कि वे रेलवे ट्रैक, पुलों, समपार फाटकों तथा अन्य रेल परिसंपत्तियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा किसी भी स्थिति में रेलवे ट्रैक पर न जाएं। साथ ही अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि बच्चों को रेलवे लाइन के निकट खेलने अथवा अनधिकृत रूप से ट्रैक पार करने से रोकें। रेलखंड पर परीक्षण के दौरान ट्रेनों की गति सामान्य से अधिक रहेगी, इसलिए सभी नागरिक अतिरिक्त सतर्कता एवं सावधानी बरतें। रेल प्रशासन का उद्देश्य नवीन रेलखंड पर सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन सुनिश्चित करना है। नागरिकों के सहयोग एवं जागरूकता से ही किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सकता है। आशीष पाराशर/07 जून2026