राज्य
07-Jun-2026


* मुख्यमंत्री आवास पर उम्मीदवारों के समर्थन पत्रों पर हस्ताक्षर, कमलम में दस्तावेजों की जांच; कल दोपहर 12:39 बजे नामांकन दाखिल करेंगे प्रत्याशी गांधीनगर (ईएमएस)| राज्यसभा की आगामी चुनाव प्रक्रिया को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में रविवार को गांधीनगर स्थित मुख्यमंत्री आवास पर भाजपा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्यसभा के उम्मीदवारों के साथ पार्टी के विधायक भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान राज्यसभा उम्मीदवारों के समर्थन में प्रस्तावकों के हस्ताक्षर लिए गए तथा नामांकन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री आवास पर बैठक समाप्त होने के बाद सभी उम्मीदवार भाजपा के प्रदेश मुख्यालय कमलम पहुंचे। कमलम में प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्रियों के साथ उम्मीदवारों की एक और बैठक आयोजित की जानी है। इस बैठक में उम्मीदवारों के कानूनी दस्तावेजों तथा प्रस्तावकों से संबंधित आवश्यक कागजातों की गहन जांच की जाएगी, ताकि नामांकन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे। भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार सोमवार को दोपहर 12:39 बजे विधिवत रूप से अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। नामांकन से पहले पार्टी संगठन द्वारा सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूरा करने और दस्तावेजों की जांच-पड़ताल का कार्य लगातार किया जा रहा है। राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है और उम्मीदवारों के नामांकन को सुचारू एवं सफल बनाने के लिए लगातार बैठकों का दौर जारी है। सतीश/07 जून