राज्य
07-Jun-2026


2027 विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल की सरकार बनाने का किया दावा थराली (ईएमएस)। आज रविवार को उत्तराखंड क्रांति दल कार्यालय केदारबगड़ (थराली) में उत्तराखंड क्रांति दल की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में उत्तराखंड क्रांति दल के केंद्रीय उपाध्यक्ष आशुतोष नेगी और महिला प्रकोष्ठ की केंद्रीय अध्यक्ष संतोष भंडारी ने कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर विचार-विमर्श किया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने अपने विचार रखें और 2027 विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड क्रांति दल की सरकार बनाने का संकल्प लिया। अपने वक्तव्य में आशुतोष नेगी ने कहा कि उत्तराखंड के जल, जंगल, जमीन पर उत्तराखंडवासियों का पहला अधिकार है और उत्तराखंड की राजधानी गैरसैंण बननी चाहिए, जब पहाड़ की राजधानी पहाड़ में बनेगी तभी पहाड़ का विकास हो पाएगा। कर्नल संतोष भंडारी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में आज तक भी वीआईपी का नाम उजागर नहीं हो पाया हैं, महिला सशक्तिकरण की बात भारतीय जनता पार्टी के द्वारा की जाती है लेकिन हमेशा भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं का अपमान किया है। साथ ही 2027 में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बेरोजगारी, पलायन आदि मुद्दों पर उत्तराखंड की जनता क्षेत्रीय दल उत्तराखंड क्रांति दल को पूर्ण बहुमत के साथ जीत दिलाकर विधानसभा में भेजेगी और उत्तराखंड क्रांति दल की सरकार बनेगी। इस अवसर पर पूर्व राज्य आंदोलनकारी और उक्रांद नेता भूपाल सिंह गुंसाई ने बताया कि आज तक भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी दोनों ने मिलकर उत्तराखंडवासियों को लूटने का काम किया है। थराली और नंदानगर क्षेत्र आपदा से ग्रसित हैं लेकिन आज तक भी आपदा के दौरान जो पुल टूटे थे, जो सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थी, आज तक भी वह पुल नहीं बनाए गए हैं। सड़कों की स्थिति दयनीय है, आपदा प्रभावितों को उचित मुआवजा नहीं दिया गया है यह सरकार जुमलेबाजों की सरकार है जो ज्यादा दिन नहीं चलने वाली है। इस अवसर पर उत्तराखंड क्रांति दल थराली के ब्लॉक अध्यक्ष पंकज सिंह नेगी, हेमचंद्र मिश्रा न्ज्ञक् ब्लॉक अध्यक्ष देवाल, दर्शन सिंह शाह, मोहन राम आर्य, प्रकाश राम, जिलाध्यक्ष जमन सिंह मनेशा, पूजा शर्मा, मुन्नी देवी, सोनी बोरा, प्रेम सिंह, नरेंद्र गड़िया, अशीष बिष्ट, नगर अध्यक्ष किशोर सिंह रावत, यूथ विंग अध्यक्ष प्रियकृष्णा रावत, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष यूकेडी थराली पृथ्वी सिंह नेगी, यशपाल सिंह नेगी सहित बड़ी संख्या में उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/07 जून 2026