अनियमितता पाए जाने पर प्लांट को संचालित करने वाली कंपनी पर 10-10 हजार का लगाया जुर्माना देहरादून (ईएमएस)। शहरी विकास निदेशक विनोद गोस्वामी ने आज एमआरएफ सेंटर और बायोमेथिन प्लांट का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने अनियमितता पाए जाने पर प्लांट को संचालित करने वाली कंपनी पर 10-10 हजार का जुर्माना लगाया है। इससे स्पष्ट होता है कि कहीं ना कहीं नगर पालिका द्वारा जिस कंपनी को मोटी रकम की एवज में ठेका दिया गया है उनके द्वारा लापरवाही बरती गई है। यह दुखद विषय है कि मसूरी की जनता की गाढ़ी कमाई को ऐसे लोगों पर खर्च किया जा रहा है जिनका मसूरी के विकास को लेकर कोई योगदान नहीं है। मात्र पैसों की बंदरबांट और अपने चहेतों को कहीं ना कहीं फिट करने की रणनीति बनाई जा रही है। आज पूरा शहर पूछ रहा है कि पूर्व में शहर की स्वच्छता का जिम्मा कीन संस्था को 10 लाख रुपए में दिया गया था वहीं बढ़कर आज 25 लाख रुपए हो गया है। इसके बावजूद भी शहर की सफाई व्यवस्था सुधरने का नाम नहीं ले रही है जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। लॉर्ड शिवा कंपनी को मसूरी की स्वच्छता के लिए कुछ लोगों द्वारा अपने निजी स्वार्थ के लिए मसूरी लाया गया है। यदि सूत्रों की माने तो कहीं ना कहीं इन लोगों की भी इसमें पत्ती (कमीशन) शामिल है और शहर की जनता को अंधेरे में रखकर बड़ा खेल खेला जा रहा है। लॉर्ड शिवा कंपनी का काम केवल पैसे कमाना है उनका शहर की स्वच्छता और इसके विकास को लेकर कोई सरोकार नहीं है। आए दिन स्वच्छता को लेकर मीडिया सोशल मीडिया पर खबरें प्रकाशित की जाती हैं कि शहर में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, और कहीं ना कहीं इसमें सच्चाई भी होती है। आखिरकार कौन लोग हैं जो मसूरी शहर को बाहरी प्रदेश के लोगों के हाथों बेचना चाहते हैं। मसूरी हमारी है और हमारी जिम्मेदारी बनती है कि किस प्रकार से इसे स्वच्छ और सुरक्षित रखा जाए। यह तो तय है कि नगर पालिका द्वारा अपने लोगों को लाभ पहुंचने के उद्देश्य से और लगातार शिकायतें मिलने के बाद भी कोई कार्यवाही न करने के पीछे बहुत बड़ी साजिश की बू आती है ! हम मसूरी वासी हैं और मसूरी में हमारी जान बसती है हम अधिक दिनों तक बाहरी शहरों में नहीं रह सकते हैं क्योंकि हमेशा हमें अपने शहर की याद सताती है, और यदि ऐसे में हमारे शहर के खिलाफ कोई साजिश की जाती है तो हम सब की जिम्मेदारी है कि इसके खिलाफ खड़े होकर अपनी आवाज को बुलंद करें। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/07 जून 2026