राज्य
07-Jun-2026


:: थाना चंद्रावतीगंज पहुंचे पुलिस अधीक्षक; महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर करीब 200 नागरिकों से की सीधी बात, सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील :: इंदौर (ईएमएस)। ग्रामीण अंचल में पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा विशेष पहल की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक (इंदौर ग्रामीण) राजेंद्र कुमार वर्मा ने रविवार को थाना चंद्रावतीगंज का दौरा किया और वहां आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में आमजन से सीधा संवाद किया। थाना परिसर में हुए इस गरिमामयी कार्यक्रम में चंद्रावतीगंज सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 200 महिला एवं पुरुष नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी समस्याएं व सुझाव पुलिस के सामने रखे। इस अवसर पर अनुभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) धवेश सिंह, उप पुलिस अधीक्षक नितिन सिंह यादव, रक्षित निरीक्षक योगेंद्र भाटी और चंद्रावतीगंज थाना प्रभारी विनय आर्य सहित कई पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। :: जनहितकारी योजनाओं और महिला सुरक्षा पर हुआ मंथन :: संवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक वर्मा ने पुलिस विभाग द्वारा आम जनता के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने राहगीरी योजना, राहत योजना, हिट एंड रन योजना, महिला सुरक्षा, नाबालिगों से संबंधित अपराधों की रोकथाम तथा क्षेत्र की कानून व्यवस्था जैसे गंभीर विषयों पर ग्रामीणों से चर्चा की। एसपी ने कहा कि पुलिस विभाग आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए चौबीसों घंटे तत्पर है, लेकिन इसमें नागरिकों का सहयोग सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने आगामी त्योहारों, हाट-बाजारों और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। :: ग्रामीणों ने सराहा पुलिस का काम, दिए अहम सुझाव :: कार्यक्रम में मौजूद नागरिकों ने चंद्रावतीगंज थाने की कार्यप्रणाली, सुव्यवस्थित थाना भवन और पुलिस स्टाफ के व्यवहार पर पूर्ण संतोष व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की। इसके साथ ही ग्रामीणों ने सुरक्षा के लिहाज से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस पेट्रोलिंग (गश्त) बढ़ाने तथा थाने को अतिरिक्त वाहन उपलब्ध कराने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखे। :: सीसीटीवी कैमरों के लिए जनसहयोग का आह्वान :: सुरक्षा चक्र को और मजबूत करने के लिए एसपी राजेंद्र वर्मा ने क्षेत्र के बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और आवासीय कॉलोनियों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए जनसहयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम और अपराधियों को पकड़ने में तीसरी आंख की तरह काम करते हैं। इस दौरान उन्होंने नागरिकों को सुरक्षित चंद्रावती - हमारी साझा जिम्मेदारी अभियान से जुड़कर क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए प्रेरित किया। :: थाने के स्टाफ को दिए संवेदनशीलता के निर्देश :: जनसंवाद के दौरान ही पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता से मिलने वाली शिकायतों का त्वरित और पूरी संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जाए। विशेषकर महिला अपराधों और संवेदनशील मामलों में थोड़ी भी लापरवाही न बरतते हुए विशेष गंभीरता दिखाई जाए। उन्होंने किसी भी घटना पर तत्काल पुलिस रिस्पॉन्स सुनिश्चित करने और क्षेत्र में नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने सीधे संवाद के लिए एसपी के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रकाश/07 जून 2026