राज्य
07-Jun-2026


श्रीनगर गढ़वाल (ईएमएस)। चारधाम यात्रा से लौट रहे यात्रियों को बीती रात श्रीनगर गढ़वाल में पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोके जाने पर कुछ यात्रियों ने नाराजगी जताई। पुलिस का कहना था कि पहाड़ी मार्गों पर रात्रिकालीन यात्रा के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से यात्रियों को अस्थायी रूप से रोका गया। जानकारी के अनुसार, देर रात यात्रा कर रहे कई यात्री श्रीनगर क्षेत्र में रुके रहे। पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों को बताया कि रात के समय पहाड़ी सड़कों पर सफर करना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए उन्हें आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी जा रही है। हालांकि, रात करीब 12.30 बजे के बाद यात्रियों को आगे जाने दिया गया। इस दौरान कुछ यात्रियों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल भी उठाए। मध्यप्रदेश से आए एक यात्री ने आरोप लगाया कि यात्रा मार्ग पर यात्रियों का आर्थिक शोषण हो रहा है। उनका दावा था कि जोशीमठ क्षेत्र में पूर्व में उन्हें पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद होटल में रुकना पड़ा, जहां एक रात के लिए उनसे लगभग 30 हजार रुपये वसूले गए। यात्री ने यह भी आरोप लगाया कि यात्रा मार्ग पर भोजन, पानी और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दाम भी सामान्य से काफी अधिक वसूले जा रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि सुरक्षा के नाम पर यात्रा रोकने की व्यवस्था के साथ-साथ प्रशासन को ठहरने और आवश्यक सुविधाओं की दरों पर भी निगरानी रखनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं, पुलिस का पक्ष है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी संभावित दुर्घटना से बचाव के लिए आवश्यक होने पर रात्रिकालीन आवागमन को नियंत्रित किया जाता है। यदि यात्रियों द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित विभागों द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है। शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/07 जून 2026