राज्य
07-Jun-2026


:: गौतमपुरा क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार वर्मा ने परखी सुरक्षा व्यवस्था; शांति समिति की बैठकें करने और असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक (इंदौर ग्रामीण) राजेंद्र कुमार वर्मा ने रविवार को बल सहित गौतमपुरा क्षेत्र का दौरा किया और मोहर्रम जुलूस मार्ग का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अनुभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीओपी) संगग्रीय सम्राट, उप पुलिस अधीक्षक नितिन सिंह, रक्षित निरीक्षक योगेंद्र सिंह भाटी और गौतमपुरा थाना प्रभारी श्रीमती अल्का मीना सहित भारी पुलिस बल मौजूद रहा। निरीक्षण के दौरान एसपी वर्मा ने जुलूस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने मातहत अधिकारियों को निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों पर पर्याप्त लाइटिंग (प्रकाश) के इंतजाम किए जाएं और किसी भी प्रकार की समस्या या रुकावट का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया जाए, जिससे मार्ग में कोई अवरोध उत्पन्न न हो। :: संवाद पर जोर, असामाजिक तत्वों पर होगी कार्रवाई :: एसपी राजेंद्र कुमार वर्मा ने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने के लिए अधिकारियों को शांति समिति की बैठकें समय से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और समिति सदस्यों के साथ लगातार संवाद बनाए रखा जाए। इसके साथ ही, त्योहार के दौरान माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध पहले से ही आवश्यक वैधानिक और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी ताजिया समितियों और ताजिया रखने वाले व्यक्तियों के साथ बेहतर आपसी समन्वय स्थापित करने पर भी विशेष बल दिया। :: चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर, अतिरिक्त कैमरे लगेंगे :: सुरक्षा व्यवस्था और डिजिटल निगरानी को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एसपी ने थाना प्रभारी गौतमपुरा को जनसहयोग से स्थापित लगभग 50 सीसीटीवी कैमरों को शीघ्र चालू कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा, मोहर्रम जुलूस और ताजियों के निर्धारित मार्गों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, ताकि हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके। :: गौतमपुरा थाने का औचक निरीक्षण :: क्षेत्र के भ्रमण के उपरांत पुलिस अधीक्षक वर्मा ने थाना गौतमपुरा का आकस्मिक (औचक) निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने थाने के सरकारी अभिलेखों, जन शिकायतों के निराकरण की स्थिति, लंबित प्रकरणों की समीक्षा और सीएम हेल्पलाइन पर आई शिकायतों के समय-सीमा में निपटारे सहित थाने की समग्र कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी कि जनता से जुड़े सभी कार्यों का नियमित रूप से गंभीरता और पूरी जवाबदेही के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। प्रकाश/07 जून 2026