हाथरस (ईएमएस)। जनपद हाथरस के सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव गुरसौटी में घर में घुसकर मारपीट और जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गांव के ही कुछ लोगों पर एक परिवार के घर में जबरन प्रवेश कर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगा है। इस घटना में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। पीड़ित कुलदीप सिंह पुत्र हरपाल सिंह ने सादाबाद कोतवाली में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि 4 जून की शाम करीब छह बजे गांव के ही कैलाश चंद्र, विनेश, नितिन और करण उनके घर में जबरन घुस आए। आरोप है कि सभी लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से लैस थे तथा घर में घुसते ही गाली-गलौज करने लगे। जब कुलदीप के भाई योगेश ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उन पर हमला बोल दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने दोनों भाइयों को बुरी तरह पीटा और धारदार हथियार से सिर पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट के दौरान शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और किसी तरह बीच-बचाव कर घायल भाइयों को बचाया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने घर में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया तथा जाते समय पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए सादाबाद कोतवाली पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 07 जून 2026