हाथरस (ईएमएस)। जनपद हाथरस में मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों के माध्यम से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वेद प्रकाश ने रविवार को विभिन्न प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों पर उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं तथा चिकित्सा कर्मियों की उपस्थिति की गहन समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। सबसे पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिसावर का निरीक्षण किया गया, जहां एमओसीएच डॉ. धर्मेंद्र कुमारी सिंह, फार्मासिस्ट जयकिशन तथा स्टाफ नर्स रेखा उपस्थित मिलीं। केन्द्र पर साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। दवा कक्ष के निरीक्षण में ईडीएल के अनुसार सभी 195 प्रकार की दवाएं उपलब्ध मिलीं। निरीक्षण के समय तक 15 मरीजों की ओपीडी हो चुकी थी, जबकि प्रतिदिन 40 से 45 मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। प्रसव कक्ष में वार्मर मशीन अक्रियाशील मिलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी ने उसे तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्टाफ नर्स को एनसीडी स्क्रीनिंग अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बिलारा का निरीक्षण किया गया। यहां चिकित्साधिकारी डॉ. अनिल कुमार वर्मा, फार्मासिस्ट शान्तनु शुक्ला एवं आशा संगिनी उपस्थित मिलीं। निरीक्षण के समय तक 37 मरीजों की ओपीडी दर्ज की जा चुकी थी। दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा के दौरान पाया गया कि ईडीएल के अनुसार 195 के सापेक्ष केवल 145 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। इस पर शेष दवाएं तत्काल ड्रग वेयर हाउस से प्राप्त करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त एआरवी इंजेक्शन का डोज चार्ट दीवार पर प्रदर्शित करने तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए मरीजों के लिए ओआरएस युक्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कुरसण्डा के निरीक्षण के दौरान डॉ. जगदीश एवं फार्मासिस्ट पारस बाबू उपस्थित मिले। यहां 33 मरीजों की ओपीडी हो चुकी थी। दवाओं की उपलब्धता के संबंध में जानकारी लेने पर 171 प्रकार की दवाएं उपलब्ध होना बताया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने शेष दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही केन्द्र को पूर्ण रूप से क्रियाशील बनाने और आवश्यक स्टाफ की तैनाती के संबंध में भी समीक्षा की गई। निरीक्षण के क्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊंचागांव का भी दौरा किया गया। यहां चिकित्साधिकारी डॉ. सुमित चौहान, फार्मासिस्ट राजीव कुमार गर्ग तथा वार्ड बॉय जितेन्द्र कुमार अनुपस्थित पाए गए। केन्द्र पर साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलीं। दवा कक्ष के निरीक्षण में 195 के सापेक्ष 170 प्रकार की दवाएं उपलब्ध पाई गईं। मुख्य चिकित्साधिकारी ने शेष दवाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही मरीजों को समुचित उपचार, पेयजल एवं ओआरएस की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वार्ड बॉय की अनुपस्थिति के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 07 जून 2026