राज्य
07-Jun-2026


हाथरस (ईएमएस)। जनपद हाथरस के मुरसान कस्बे में रेलवे स्टेशन के सामने मथुरा-बरेली मार्ग पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। दो गुटों के बीच हुए विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। गोलीबारी की इस घटना में एक राहगीर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर करीब तीन बजे रेलवे स्टेशन के सामने स्थित मुख्य मार्ग पर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों ओर से फायरिंग शुरू हो गई। गोलियों की आवाज सुनते ही बाजार में मौजूद दुकानदार, ग्राहक और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोगों ने दुकानों के शटर गिराकर खुद को सुरक्षित किया। फायरिंग के दौरान आसपास स्थित मकानों और प्रतिष्ठानों पर भी गोलियां लगने की जानकारी सामने आई है। इस घटना की चपेट में हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव तजना निवासी प्रमोद पुत्र रुस्तम आ गए। प्रमोद किसी रिश्तेदार से मिलने मुरसान आए थे। उन्होंने बताया कि वह एक पान मसाला की दुकान पर पहुंच ही रहे थे कि अचानक एक गोली उनके पैर में आ लगी। गोली लगने से वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल मुरसान सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार किया गया। दिनदहाड़े हुई फायरिंग के कारण मथुरा-बरेली मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन तब तक दोनों पक्षों के लोग फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 07 जून 2026