हाथरस (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार आत्मनिर्भर मंडल की मासिक समीक्षा बैठक रविवार को हाथरस जंक्शन मंडल क्षेत्र में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष योगेश कुमार ने की, जबकि जिला मीडिया प्रभारी पवन रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में संगठन की आगामी गतिविधियों, कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का शुभारम्भ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा के साथ हुआ। मुख्य अतिथि पवन रावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। बैठक में मंडल प्रभारी एवं क्षेत्रीय मंत्री श्रीमती डॉली माहौर ने संगठन की आगामी योजनाओं और अभियानों की जानकारी देते हुए कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ कार्यक्रमों में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की निष्ठा और मेहनत पर निर्भर करती है तथा प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा का महत्वपूर्ण वाहक है। जिला उपाध्यक्ष प्रमोद सेंगर सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता अभियान तथा जनसंपर्क कार्यक्रमों पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय और निरंतर जनसंपर्क बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक का संचालन मंडल महामंत्री दिनेश कुमार एवं महेश चन्द वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा प्रस्तुत करते हुए विभिन्न दायित्वों एवं आगामी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी। बैठक में मंडल के सभी पदाधिकारी, मोर्चा पदाधिकारी एवं सक्रिय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प लिया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने संगठन हित में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का भरोसा दिलाया और भाजपा की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 07 जून 2026