हाथरस (ईएमएस)। जिले के थाना सिकंदराराऊ क्षेत्र के गांव टिकरी नगला निवासी तीन सगे भाइयों के नदरई नहर में डूबने की दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। शनिवार को कासगंज जनपद के कोतवाली क्षेत्र स्थित नदरई हजारा नहर में नहाने गए तीनों भाई गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद मित्र सुमित किसी तरह बाहर निकल आया, लेकिन तीनों भाई नहर में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, पीएसी फ्लड यूनिट और स्थानीय प्रशासन ने व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। लगभग 20 घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद रविवार को पीएसी फ्लड यूनिट ने दो भाइयों के शव बरामद कर लिए। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय जय प्रकाश और 22 वर्षीय छोटू के रूप में हुई है। जय प्रकाश का शव घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर तथा छोटू का शव लगभग ढाई किलोमीटर दूर से बरामद हुआ। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं तीसरे भाई 24 वर्षीय अजय की तलाश के लिए नहर में लगातार सर्च अभियान जारी है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक परिवार में पहले से ही कई दुखद घटनाएं हो चुकी हैं। परिवार में पांच भाई और दो बहनें थीं। दोनों बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक भाई का पूर्व में निधन हो चुका है। एक अन्य भाई पीएसी में तैनात है। पिता डालचंद्र का भी पहले ही देहांत हो चुका है। तीनों भाई खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और सभी विवाहित थे। घटना को और भी मार्मिक बनाने वाली बात यह है कि मृतक छोटू का विवाह इसी वर्ष 20 फरवरी को एटा जिले के लोधामई गांव निवासी तान्या के साथ हुआ था। शादी के महज कुछ महीनों बाद हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन और पुलिस की टीम तीसरे युवक की तलाश में लगातार जुटी हुई है। स्थानीय लोग भी मौके पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान में सहयोग कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में इस हृदयविदारक घटना को लेकर गहरा शोक व्याप्त है। ईएमएस/नीरज चक्रपाणी/ 07 जून 2026