चेन्नई (ईएमएस)। मोटर रेसिंग के प्रति अपने जुनून रखने वाले एवं तमिल सुपर स्टार अजीत कुमार इन दिनों निजी जीवन के कठिन दौर से गुजर रहे हैं। हाल ही में उनकी मां मोहिनी मणि का निधन हो गया था। मां के निधन के समय अजीत विदेश में थे, लेकिन दुखद समाचार मिलते ही वह तुरंत चेन्नई पहुंचे और अंतिम संस्कार की सभी रस्मों में शामिल हुए। इस दौरान तमिल फिल्म उद्योग की कई प्रमुख हस्तियां, जिनमें विजय और तृषा कृष्णन भी शामिल थे, उन्हें श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। मां के निधन के कुछ दिनों बाद अजीत कुमार ने एक बार फिर अपने पेशेवर दायित्वों की ओर कदम बढ़ाया है। उन्होंने भारी मन से रेसिंग सर्किट में वापसी की, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों ने भावनात्मक प्रतिक्रियाएं दीं। एक फैन पेज द्वारा साझा की गई तस्वीरों में अजीत रेसिंग पोशाक में नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में उनके चेहरे पर उदासी साफ दिखाई दे रही है, लेकिन साथ ही वह ट्रैक पर उतरने के लिए पूरी तरह तैयार भी दिख रहे हैं। तस्वीरों के साथ लिखा गया कि भारी मन से काम पर लौटना आसान नहीं होता, लेकिन जिंदगी आगे बढ़ती रहती है। यह संदेश सामने आते ही प्रशंसकों ने अभिनेता के प्रति अपना समर्थन और संवेदनाएं व्यक्त करनी शुरू कर दीं। एक प्रशंसक ने लिखा कि उनकी मां जहां भी होंगी, उन्हें रेस करते हुए देख रही होंगी और उनका हौसला बढ़ा रही होंगी। वहीं दूसरे प्रशंसक ने विश्वास जताया कि अजीत अपनी मां की स्मृति को सम्मान देते हुए आगे बढ़ेंगे और सफलता हासिल करेंगे। कई प्रशंसकों ने उन्हें मजबूत बने रहने की सलाह दी और कहा कि उनकी मां का आशीर्वाद हमेशा उनके साथ रहेगा। एक अन्य प्रशंसक ने टिप्पणी की कि मोहिनी मणि ने ऐसे बेटे का पालन-पोषण किया जो गहरे दुख के बावजूद अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना जानता है। मोहिनी मणि के निधन की जानकारी अजीत कुमार और उनके परिवार ने एक आधिकारिक बयान जारी कर दी थी। बयान में बताया गया कि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बाद उन्होंने नींद में ही शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली। परिवार ने उन सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने पिछले कई वर्षों में उनकी देखभाल की। बयान में यह भी उल्लेख किया गया कि मोहिनी मणि सिंधी समुदाय से थीं और विभाजन के बाद भारत में नए सिरे से जीवन शुरू करने वाली पीढ़ी का हिस्सा थीं। सुदामा/ईएमएस 08 जून 2026