मुंबई (ईएमएस)। छोटे परदे का रियलिटी शो तुम हो ना– घर की सुपरस्टार के एक एपिसोड में हिंदी सिनेमा जगत की मशहूर अभिनेत्री अरुणा ईरानी ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया। हाल ही में उन्होंने अपने पहले ऑडिशन से जुड़ी यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि जब मैं छोटी थीं, तब एक कास्टिंग टीम मेरे रेजिडेंशियल बिल्डिंग में बच्चों की तलाश में आई थी। टीम ने वहां रहने वाले बच्चों को बताया कि जो भी अभिनय में दिलचस्पी रखता है, वह ऑडिशन देने आ सकता है। बच्चों को बुलाने के लिए उन्होंने वेफर्स और कोल्ड ड्रिंक्स की भी व्यवस्था की थी। यह सुनकर मैं काफी उत्साहित हो गईं और मैंने अपने दोस्तों को भी अपने साथ चलने के लिए मना लिया। अरुणा ने हंसते हुए बताया, ऑडिशन के दौरान मैं आराम से कोने में खड़ी होकर कोल्ड ड्रिंक पी रही थी और वेफर्स खा रही थीं। तभी किसी की नजर मुझ पर पड़ी और उन्होंने मुझे अपने पास बुलाया। जब मैं वहां पहुंचीं, तब मुझे पता चला कि सामने हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता दिलीप कुमार बैठे हैं। इस यादगार पल को याद करते हुए अरुणा ने बताया, दिलीप कुमार ने मुझे अपने पास बुलाकर पूछा कि क्या तुम डायलॉग बोल लेती हो। मैंने हाथ साफ किए, नमस्ते की और हां में जवाब दिया। इसके बाद दिलीप कुमार ने मुझे एक छोटा-सा डायलॉग दिया- काका, काका, मुझे बहुत डर लग रहा है। साथ ही समझाया कि यह डायलॉग डर के भाव के साथ बोलना है। मैंने पूरे आत्मविश्वास और भावनाओं के साथ यह डायलॉग बोल दिया। अभिनेत्री ने कहा, डायलॉग बोलने के बाद मुझे शॉर्टलिस्ट कर लिया गया। यही वह क्षण था, जिसने मेरे फिल्मी सफर की नींव रखी। उसी दिन से इंडस्ट्री में मेरे सफर का श्रीगणेश हुआ। अगर उस दिन मैं ऑडिशन देने नहीं जातीं, तो शायद मेरी जिंदगी की दिशा कुछ और होती। एक सवाल के जवाब में अरुणा ने कहा- मेरे घर का माहौल पहले से ही कला और अभिनय से जुड़ा हुआ था। मेरे पिता की अपनी ड्रामा कंपनी थी और मां भी अभिनेत्री थीं, इसलिए परिवार ने कभी मेरे एक्टिंग करियर का विरोध नहीं किया। सुदामा/ईएमएस 08 जून 2026