मनोरंजन
08-Jun-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। लंबे समय से रोमांटिक और आदर्शवादी नायक की भूमिकाओं में नजर आ रहे बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन का कहना है कि अब वह पर्दे पर कुछ अलग और चुनौतीपूर्ण किरदार निभाना चाहते हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि फिल्म निर्माताओं की नजर में उनकी छवि अब भी एक अच्छे और नेकदिल नायक की बनी हुई है, जिसके कारण उन्हें उसी तरह की भूमिकाओं के प्रस्ताव अधिक मिलते हैं। सोशल मीडिया पर ऋतिक रोशन ने एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि यदि उन्हें अवसर मिले तो वह वर्ष 2009 में रिलीज हुई फिल्म ‘लक बाय चांस’ में निभाए गए अपने किरदार जफ्फर जैसे चरित्र को दोबारा पर्दे पर उतारना चाहेंगे। अभिनेता का मानना है कि उस तरह के किरदारों में अभिनय की नई संभावनाएं तलाशने का अवसर मिलता है और दर्शकों को भी उनका एक अलग रूप देखने को मिल सकता है। अपने पोस्ट में ऋतिक ने लिखा कि हाल ही में उनसे पूछा गया कि वह किस तरह का किरदार निभाना चाहते हैं। इस सवाल पर विचार करते हुए उन्हें ‘लक बाय चांस’ का अपना किरदार जफ्फर याद आया। उन्होंने कहा कि वह वैसा ही कोई रोल फिर से करना पसंद करेंगे, लेकिन ज्यादातर निर्देशक उन्हें केवल सकारात्मक और अच्छे चरित्रों में ही देखना चाहते हैं। अभिनेता ने हल्के-फुल्के अंदाज में इसे दुखद स्थिति भी बताया। गौरतलब है कि ‘लक बाय चांस’ में ऋतिक रोशन ने एक सफल फिल्म स्टार जफ्फर का कैमियो किरदार निभाया था। भले ही उनकी भूमिका छोटी थी, लेकिन दर्शकों ने उसे काफी पसंद किया था। फिल्म में फिल्म उद्योग की चमक-दमक और संघर्ष को बेहद वास्तविक तरीके से दिखाया गया था। फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी के एक्सेल एंटरटेनमेंट बैनर तले बनी इस फिल्म में फरहान अख्तर और कोंकणा सेन शर्मा ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं। फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों दोनों से सराहना मिली थी। ऋतिक रोशन के आगामी प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वह जल्द ही ‘स्टॉर्म’ के जरिए ओटीटी मंच पर कदम रखने जा रहे हैं। उनके प्रशंसक इस नई शुरुआत का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। सुदामा/ईएमएस 08 जून 2026