क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


:: विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस पर मंत्री ने दी चेतावनी, कहा- स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर में रविवार को विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाहा ने मिलावटखोरों को कड़ी चेतावनी दी। होटल जॉर्डन में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए मंत्री कुशवाहा ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट एक अक्षम्य अपराध है और नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि शुद्ध और सुरक्षित भोजन प्रत्येक नागरिक का बुनियादी अधिकार है। मंत्री कुशवाहा ने संबोधन में कहा कि मिलावट के जहर को केवल सरकारी विभागों के भरोसे खत्म नहीं किया जा सकता, इसके लिए जनभागीदारी अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि जब तक आम नागरिक जागरूक नहीं होगा, तब तक शुद्धता की जंग पूरी नहीं होगी। मंत्री ने शासन की योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि सरकार छोटे उद्योगों और खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को विशेष प्रोत्साहन दे रही है ताकि बाजार में शुद्ध उत्पादों की उपलब्धता बढ़ सके। उन्होंने एआईएमपी और यारी क्वालिटेक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान समय की बड़ी जरूरत हैं। :: स्वच्छता के बाद अब शुद्धता में नंबर-1 बने इंदौर :: कार्यक्रम के विशेष अतिथि विधायक गोलू शुक्ला ने कहा कि इंदौर स्वच्छता में पहले ही देश का सिरमौर है, अब खाद्य सुरक्षा और शुद्धता में भी हमें पूरे देश में मिसाल कायम करनी है। उन्होंने व्यापारियों से आग्रह किया कि वे मुनाफे से ऊपर उठकर जनस्वास्थ्य को प्राथमिकता दें। :: खरीदारी करते वक्त बरतें सावधानी :: तकनीकी सत्र में विशेषज्ञों ने आम लोगों को अलर्ट किया। प्रसिद्ध शेफ भूपी ने उपभोक्ताओं को मंत्र देते हुए कहा कि कोई भी डिब्बाबंद सामान खरीदते समय उसकी एक्सपायरी डेट और लेबल पर दी गई जानकारी जरूर पढ़ें। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनीष स्वामी ने एफएसएसएआई के नियमों को सरल भाषा में समझाते हुए बताया कि नियमों का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। एमएसएमई के सहायक निदेशक गौरव गोयल ने छोटे व्यापारियों को सरकारी सब्सिडी व पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में हुई हेल्दी फूड क्विज और प्रदर्शनी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। इस आयोजन ने इंदौर के खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता के प्रति जागरूक करने के साथ ही नागरिकों में भी विश्वास जगाया है। बड़ी संख्या में उद्योगपतियों और व्यापारियों ने इस महामंथन में हिस्सा लेकर सुरक्षित इंदौर के संकल्प को दोहराया। - 07 जून 2026