रायपुर (ईएमएस)। जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र में आबकारी विभाग के एक लिपिक से सोने के जेवर लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने घटना के 35 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है, जिसने मुख्य आरोपी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेन्द्र टंडन के रूप में हुई है। उसके खिलाफ पहले से भी लूट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी तेलीबांधा और राखी थाना क्षेत्रों में दर्ज मामलों में भी फरार चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग में पदस्थ लिपिक आकाश कुमार तिवारी 2 मई 2026 की रात राजिम से रायपुर लौट रहे थे। रात करीब साढ़े बारह बजे वे अभनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम केंद्री स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास कुछ देर के लिए रुके थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और माचिस मांगने लगे। बातचीत के दौरान दोनों युवकों ने आकाश तिवारी पर गांजा रखने का संदेह जताते हुए उनकी तलाशी लेने की कोशिश की। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी जबरन उन्हें यात्री प्रतीक्षालय के पीछे खेत की ओर ले गए। वहां दोनों ने जान से मारने की धमकी देकर उनके हाथ में पहनी दो सोने की अंगूठियां और गले की सोने की चेन लूट ली तथा मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर अभनपुर थाने में लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा अभनपुर पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्य जुटाए और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। लगातार जांच और निगरानी के बाद पुलिस को आरोपी धर्मेन्द्र टंडन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके आधार पर उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने एक नाबालिग साथी के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। वहीं नाबालिग को भी विधि अनुसार कार्रवाई करते हुए अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस अब लूटे गए जेवरों की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि धर्मेन्द्र टंडन का आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। उसके खिलाफ पहले से दर्ज लंबित मामलों में भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का दावा है कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई एक महत्वपूर्ण लूट की घटना का खुलासा हो गया है। - (ईएमएस) 08 जून 2026