- जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का भूमिपूजन संपन्न - आवागमन व्यवस्था को मिलेगा नया आयाम कटनी (ईएमएस)। नगर निगम कटनी द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार एवं नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकास कार्यों का सिलसिला निरंतर जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार को बिरसा मुंडा वार्ड, पुरैनी स्थित आधारकाप रोड में पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद नन्हींबाई तुलाराम गोटियाँ,मेयर इन काउंसिल सदस्यगण, पार्षदों एवं क्षेत्रीय नागरिकों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई। भूमिपूजन कार्यक्रम में मेयर इन काउंसिल सदस्य सर्वश्री डॉ. रमेश सोनी, जयनारायण निषाद, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी,पूर्व पार्षद राजकिशोर यादव ,पार्वती निषाद नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी तथा क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। इस अवसर पर महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाओं का विकास कर नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात क्षेत्रवासियों को सुगम आवागमन, स्वच्छ वातावरण एवं बेहतर नागरिक सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती नन्हींबाई गोटियाँ ने कहा कि वार्डवासियों की लंबे समय से पेवर ब्लॉक निर्माण की मांग थी, जिसके पूर्ण होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने विकास कार्य के शुभारंभ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया। नागरिकों ने विश्वास व्यक्त किया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी तथा वार्ड के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। .../ 8 जून /2026