राज्य
08-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने नशीले पदार्थों की तस्करी के एक प्रयास को नाकाम करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। खुफिया जानकारी और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में दो यात्रियों के पास से भारी मात्रा में विदेशी गांजा बरामद किया गया है, जिसे बहुत ही शातिर तरीके से बिजली के गीजर के भीतर छिपाकर लाया जा रहा था। सात जून को कुआलालंपुर से आए दो यात्रियों को कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोक लिया। जांच के दौरान अधिकारियों ने देखा कि इन यात्रियों के पास उनके सामान्य सामान के अलावा दो बिल्कुल नए गीजर भी थे। जब अधिकारियों ने दोनों यात्रियों से कड़ाई से पूछताछ की और उनके मोबाइल फोन पर हुई बातचीत को खंगाला, तो गीजर के भीतर कुछ गड़बड़ होने का गहरा संदेह पैदा हुआ। इसके बाद इन दोनों उपकरणों की दोबारा बहुत बारीकी से एक्स-रे जांच की गई। जांच के नतीजों के बाद दोनों गीजरों को जब खोला, तो भीतर बेहद चालाकी से बनाया गया गुप्त हिस्सा सामने आया। इन उपकरणों के अंदर से वैक्यूम-सील्ड कुल 145 पैकेट बरामद किए गए। जब इन पैकेटों को खोलकर देखा गया, तो उनके भीतर हरी पत्ती जैसा पदार्थ मिला, जो जांच में उन्नत किस्म का हाइड्रोपोनिक गांजा निकला अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ ईएमएस/08/जून/2026