क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पर्यावरण एवं पर्यटन विकास समिति, छत्तीसगढ़ी राजभाषा परिषद, वन विभाग एवं छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा तिलक नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर सभागार में विविध जनजागरूकता कार्यक्रमों एवं राज्य स्तरीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय जलवायु परिवर्तन रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग की सचिव डॉ. अभिलाषा बेहार ने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण आज विश्व की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। अध्यक्षता कर रहे थावे विद्यापीठ, बिहार के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक ने कहा कि पर्यावरण एवं पर्यटन विकास समिति पिछले तीन दशकों से पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। जल, वायु एवं सामाजिक प्रदूषण के बढ़ते खतरे को देखते हुए सभी को जागरूक होने की आवश्यकता है। कार्यक्रम में चित्रकला, रंगोली, गीत-संगीत, नृत्य, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, काव्य गोष्ठी तथा छत्तीसगढ़ी व्यंजन मेले का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वन्यजीवन और प्लास्टिक प्रदूषण जैसे विषयों पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में बच्चों ने भाग लिया। सायंकाल आयोजित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में साहित्य, कला, पत्रकारिता, पर्यावरण संरक्षण, रंगमंच, सिनेमा, पुरातत्व एवं समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रदेश के विभिन्न व्यक्तित्वों एवं संस्थाओं को शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राघवेंद्र कुमार दुबे ने तथा आभार प्रदर्शन बालगोविंद अग्रवाल ने किया। बच्चों ने चित्रों में दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश चित्रकला एवं पेंटिंग प्रतियोगिता में 100 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने जल संरक्षण, वन्यजीवन संरक्षण, प्लास्टिक प्रदूषण और हरित पर्यावरण जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र बनाकर जागरूकता का संदेश दिया। काव्य गोष्ठी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां पर्यावरण विषयक काव्य गोष्ठी में कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया। वहीं बच्चों ने गीत, संगीत, नृत्य और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी। समाज, साहित्य और पर्यावरण क्षेत्र की विभूतियां हुईं सम्मानित राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में साहित्य, कला, पत्रकारिता, पर्यावरण संरक्षण, रंगमंच, सिनेमा और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रदेशभर के अनेक साहित्यकारों, समाजसेवियों, पर्यावरणविदों और कलाकारों को सम्मानित किया गया। मनोज राज 08 जून 2026