क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


दतिया ( ईएमएस ) | कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की अध्यक्षता में आज सोमवार को समय-सीमा बैठक न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्र के विधालयों में अधिक से अधिक अपार आईडी बनाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए इस हेतु 30 जून तक जो शिविर लगाये जा रहे है उनके माध्यम से अधिक से अधिक अपार आईडी बनाई जाये। सीएम हेल्पलाइन के 50 दिवस से अधिक समय से लंबित प्रकरणों के निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रकरणों में एल-1 स्तर पर जवाब दर्ज नहीं किए गए हैं, संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना अधिरोपित करने के निर्देश दिए गए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम के आरसीएमएस के समय-सीमा से बाहर लंबित प्रकरणों पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों पर जुर्माना अधिरोपित करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यों के प्रति उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कृत्रिम गर्भाधान को बढ़ावा देने हेतु प्रचार प्रसार के माध्यम से पशुपालकों को जागरूक करने की बात कही। कलेक्टर द्वारा एससीएसटी के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक लोगों को समय पर सहायता राशि दिलाने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा श्रम विभाग की समीक्षा करते हए श्रम योगी मनधन योजना में अधिक से अधिक पंजीयन कराकर लोगों को लाभान्वित करने की बात कही। उन्होंने अधिक से अधिक फार्मर आईडी बनाने के निर्देश बैठक में दिए। कलेक्टर द्वारा संबंल योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि जिन प्रकरणों में जांच अधिकारी स्तर पर लंबित हो ऐसे प्रकरणों में जांच समय पर पूरी कर हितग्राही को लाभान्वित किया जाये। कलेक्टर द्वारा पीएचई विभाग की समीक्षा करते हुए जिले में संचालित नलजल योजनाओं की सम्पूर्ण जानकारी सहित अगली बैठक में उपस्थित होने कहा। उन्होंने कहा कि अपूर्ण जानकारी पाए जाने पर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। इस दौरान उन्होंने जल शक्ति विभाग के अंतर्गत चल रहे कार्यो की भी विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर द्वारा पट्टा वितरण कार्यो की समीक्षा करते हुए कहा पट्टा वितरण कार्य में तेजी लाए जाये और इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि कोई पात्र हितग्राही न छूटे। कलेक्टर ने उद्यम क्रांति योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य अनुरूप प्रगति लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा सीमांकन, नामांतरण तथा बटवारा के प्रकरणों के निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर द्वारा लंबित पत्रों का समय पर जबाव देने, अवमानना के प्रकरणों की समीक्षा कर निराकरण करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एमएलसी के प्रकरणों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दतिया अक्षय कुमार तेम्रवाल, अपर कलेक्टर महेन्द्र कवचे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती श्रृति अग्रवाल सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।