क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


- अज्ञात हैवान ने एक-दो दिन के नवजात बच्चे के शरीर पर पत्थर बाधंकर नदी में फैंका - मासूम का शव फूलकर ऊपर आया तब लगी जानकारी भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाना इलाके में मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। लोगो की आंखे उस समय फटी की फटी रह गई जब उन्हें इलाके में स्थित कलियासोत नदी में एक नवजात का शव पानी के ऊपर उतराता दिखाई दिया। नजदीक जाकर देखा तो पता चला की एक या दो दिन के नवजात शिशु के शरीर पर पत्थर बंधे हुए थे, यानि उसे मारने के लिये शरीर पर पत्थर बांधकर उसे नदी में फैंका गया था। जानकारी के अनुसार जेके अस्पताल के पीछे से गुजरी कलियासोत नदी में बीती सुबह आसपास के लोगों को पानी में बच्चे का शव उतराता नजर आया। लोगो ने पास पहुंचकर देखा तो उनके होश उड़ गये शव एक नवजात शिशु का था, जिसे पत्थर से बांधा गया था। मौके पर मौजूद लोगो का कहना है की जहॉ शव नजर आया है, वहॉ पानी की गहराई करीब दो फीट होगी। आशंका है कि अपने जुर्म को छिपाने और मासूम को डुबाने के लिये उसके शरीर पर पत्थर बांधे गये होगें। लेकिन पानी में रहने के कारण शव फूलकर सतह पर आ गया। हादसे की सूचना मिलने पर पहुचीं शाहपुरा थाना पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर घटनास्थल की जॉच के बाद मर्ग कायम कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की शुरुआती जॉच के आधार पर मृतक शिशु की उम्र एक से दो दिन के बीच बताई जा रही है। घटना को अंजाम देने वाले आरोपियो का सुराग जुटाने के लिये आसपास के अस्पतालों, निजी क्लीनिकों और प्रसूति केंद्रों से जानकारी जुटाने के साथ ही रास्तो पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही हैं। पुलिस का कहना है की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का सही कारण साफ हो सकेगा। जुनेद / 8 जून