- नियमितीकरण की उठाई मांग गुना (ईएमएस)। नियमितीकरण सहित आठ सूत्रीय मांगों के निराकरण को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे संविदा स्वास्थ्यकर्मियों ने सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। अपनी मांगों की अनदेखी से नाराज कर्मचारियों ने प्रशासन और सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए भैंस के आगे भोंपू बजाकर प्रदर्शन किया। प्रतीकात्मक रूप से यह संदेश दिया गया कि उनकी लगातार उठाई जा रही मांगों को अनसुना किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान बीन उपलब्ध नहीं होने पर कर्मचारियों ने बच्चों के खिलौना भोंपू का उपयोग किया। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष राजेश भार्गव ने बताया कि पूरे मध्य प्रदेश में प्रांतीय आह्वान पर लगभग 32 हजार संविदा कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविदा स्वास्थ्यकर्मी लंबे समय से नियमित कर्मचारियों के समान सुविधाएं और अधिकार देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने बताया कि आंदोलन के माध्यम से नियमितीकरण सहित आठ प्रमुख मांगों को उठाया जा रहा है। इनमें एनपीएस की व्यवस्था, बीमा सुविधा, अन्य राज्यों की तर्ज पर 10 प्रतिशत वार्षिक वेतन वृद्धि, नियमित कर्मचारियों के समान महंगाई भत्ता, समान अवकाश, समान कार्य के लिए समान वेतन, नियमितीकरण तथा पीबीआई को वेतन में मर्ज करने की मांग शामिल है। इसके अलावा कर्मचारियों ने शोषणकारी अप्रेजल प्रणाली को तत्काल समाप्त करने की भी मांग की है। संविदा स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने के बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों के बराबर सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। प्रदर्शन के दौरान भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री सहित संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। - सीताराम नाटानी