क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


- समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न भिंड ( ईएमएस ) | कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय भिण्ड के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी तथा कई अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की गहन समीक्षा करते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन में सौ दिवस से अधिक लंबित शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निराकरण करें। कलेक्टर ने निर्देशित कर कहा कि शासन के निर्देशानुसार जिले के प्रत्येक विकासखण्ड एवं नगरीय निकाय मुख्यालयों पर 03 दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किये जाना सुनिश्चित करें। इन शिविरों का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करना तथा आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जिले में आयोजित होने वाले जन कल्याण शिविरों में विभागीय अधिकारी अनिवार्य रूप से मौजूद रहें तथा प्राप्त होने वाले आवेदनों का त्वरित निराकरण करें। शिविरों में शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के छूटे हुए पात्र हितग्राहियों का विभागवार पंजीयन किया जाए। शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, वय वंदना योजना, पीएम सूर्यघर योजना, स्वरोजगार योजना सहित अन्य योजना के छूटे हुए हितग्राहियों का पंजीयन किया जाए। साथ ही शिविर के दौरान प्रवासी श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन, छात्रवृत्ति स्वीकृति के प्रकरण, नल कलेक्शन के आवेदनों का निराकरण, राजस्व के लंबित प्रकरण, नामांतरण बंटवारा, सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण किया जाए। इन शिविरों में एसडीएम तथा खण्ड स्तरीय अधिकारी सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम में लंबित प्रकरणों का निराकरण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी शासन द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप इन शिविरों के आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने सभी नगरीय निकाय सीएमओ को निर्देशित कर कहा कि बारिश से पहले सभी नाले-नालियों की साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करें। जिससे बारिश के दौरान कहीं भी जल भराव की स्थिति नहीं बने। साथ ही जहां भी नाले-नालियों पर अतिक्रमण है, उनसे अतिक्रमण हटाया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिन जर्जर भवनों को चिन्हांकित कर लिया गया है उन्हें नोटिस देकर तुड़वायें। किसी भी प्रकार की दुर्घटना होने पर संबंधित अधिकारी जिम्मेदार होंगे। 09 जून को आयोजित होगा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व आश्वासन कार्यक्रम बैठक के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताया गया कि दिनांक 09 जून 2026 को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व आश्वासन कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिसमें गर्भवती महिलाओं की समस्त स्वास्थ्य जांचें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क की जाएंगी। यह कार्यक्रम जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र और जिला चिकित्सालय भिण्ड में आयोजित किया जाएगा। जिसमें हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को लाने और ले जाने के लिए 108 एम्बुलेंस की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट, टीएल पत्र निराकरण की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिऐ।