अंतर्राष्ट्रीय
08-Jun-2026


विशाखापट्टनम (ईएमएस)। आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम स्थित राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (आरआईएनएल) के स्टील प्लांट में सोमवार को हुए भीषण औद्योगिक हादसे में कम से कम 8 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। हादसा प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप (एसएमएस) यूनिट में उस समय हुआ जब पिघला हुआ लोहा ले जा रहा एक विशाल लैडल (बाल्टीनुमा पात्र) अचानक गिर गया और बड़ी मात्रा में गर्म धातु कार्यरत कर्मचारियों पर फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना भयावह था कि कई श्रमिकों को बचने का मौका तक नहीं मिला। पिघले लोहे की चपेट में आने से मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से झुलसे श्रमिकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया और प्रभावित क्षेत्र को खाली कराया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पिघली धातु से भरे लैडल की संरचना या उसे संभालने वाली प्रणाली में तकनीकी खराबी के कारण यह दुर्घटना हुई। घटना के बाद प्लांट प्रबंधन और प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। आंध्र प्रदेश सरकार ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इस दुर्घटना ने एक बार फिर भारी उद्योगों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुबोध/०८-०६-२०२६