राष्ट्रीय
08-Jun-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक के बीच, उद्धव ठाकरे गुट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में आगे बढ़ाने की वकालत की है। उद्धव गुट के प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि कांग्रेस को बड़ा दिल दिखाकर क्षेत्रीय दलों को बढ़ावा देना चाहिए। शिवसेना यूबीटी प्रवक्ता दुबे ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन का एक बड़ा हिस्सा है और राहुल गांधी स्वयं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि इंडिया गठबंधन में किसी को राहुल गांधी या कांग्रेस पार्टी से कोई ऐतराज है। हालांकि, उन्होंने स्वीकार किया कि किसी भी परिवार में छोटे-मोटे मनमुटाव स्वाभाविक हैं, लेकिन लक्ष्य गठबंधन को मजबूत रखना है। क्षेत्रीय दलों की अनदेखी से जुड़े सवाल के जवाब में दुबे ने कहा कि क्षेत्रीय दलों का अपना दायरा होता है और वे राज्यों में अधिक सक्रिय होते हैं। उन्होंने उदाहरण देकर कहा कि शिवसेना महाराष्ट्र में, डीएमके तमिलनाडु में, आम आदमी पार्टी दिल्ली में और समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री पद की आकांक्षा रखती हैं। उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री राहुल गांधी को बनना है, प्रधानमंत्री हमें बनना नहीं है। दुबे ने सलाह दी कि कांग्रेस को क्षेत्रीय दलों को उनका हक देना चाहिए, बदले में क्षेत्रीय दल राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में समर्थन देने को तैयार है। शिवसेना यूबीटी प्रवक्ता दुबे ने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए कांग्रेस को हर जगह गठबंधन करना होगा। उन्होंने कहा, आप यूपी में गठबंधन करे और बिहार में नहीं, तब ये कौन सा गठबंधन है? उन्होंने चेतावनी दी कि बिना व्यापक गठबंधन के बीजेपी को हराना मुश्किल होगा। उन्होंने बताया कि गठबंधन की इस बैठक में नीट पेपर लीक, महंगाई और बेरोजगारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हो रही है। आशीष दुबे / 08 जून 2026