नई दिल्ली (ईएमएस)। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार शाम अचानक आए तेज तूफान और बारिश के कारण बड़ा हादसा हो गया। एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके बाद उन्हें तत्काल परिचालन से बाहर कर दिया गया। घटना एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 पर हुई, जहां विमान पार्क किए गए थे। तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि रनवे एप्रन पर रखे ग्राउंड सपोर्ट इक्विपमेंट (लोहे के भारी स्टैंड, सीढ़ियां और ट्रोप) हवा के दबाव से खुद ही आगे की तरफ दौड़ने लगे। इससे जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं। इस हादसे में खड़े तीन ए320 विमानों को अलग-अलग जगहों पर संरचनात्मक टक्कर लगी हैं। इनमें से एक विमान को बोर्डिंग सीढ़ी टकराने से अधिक नुकसान हुआ है, जबकि एक अन्य विमान की दाईं तरफ की स्लाइडिंग विंडो पर तेज हवा के साथ उड़कर आया कचरा टकरा गया। हवाई अड्डे के सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयर ट्रैफिक कंट्रोल या मौसम विभाग की तरफ से इतने भीषण और अचानक आने वाले तूफान को लेकर पहले से कोई खास अलर्ट जारी नहीं किया गया था। इस वजह से ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ को सुरक्षात्मक कदम उठाने का समय नहीं मिल पाया। सुबोध/०८-०६-२०२६