क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


- बम्हनी बंजर थाना परिसर में घटना, सुसाइड नोट मिला मंडला (ईएमएस)। जिले के बम्हनी बंजर थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर में एक पुलिसकर्मी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 40 वर्षीय सुनील सरयाम के रूप में हुई है। वह वर्तमान में मंडला पुलिस लाइन में पदस्थ थे और पूर्व में बम्हनी बंजर थाने में भी सेवाएं दे चुके थे। जानकारी के मुताबिक, सुनील सरयाम ने सोमवार को थाना परिसर के सरकारी आवास में यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बताया गया है कि आत्महत्या के समय मृतक के परिजन क्वार्टर के दूसरे कमरे में मौजूद थे। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। नैनपुर एसडीओपी मनीष राज ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिलने की सूचना है। जांच प्रक्रिया के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) टीम को मौके पर बुलाया गया है। टीम द्वारा निरीक्षण और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही सुसाइड नोट की सामग्री के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आ पाएगी। मृतक सुनील सरयाम सिवनी जिले के लखनादौन थाना क्षेत्र के निवासी थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और सुसाइड नोट की पड़ताल के बाद ही आत्महत्या के कारणों पर आधिकारिक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। ईएमएस/मोहने/ 08 जून 2026