- रिश्तेदार के यहां आए हुए थे, नहाने के दौरान डूबने की आशंका मंडला (ईएमएस)। जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र की पिंडरई चौकी अंतर्गत बिजेगांव डेम में नहाते समय एक किसान की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सिवनी जिले के घंसौर थाना अंतर्गत ग्राम बरगांव निवासी 57 वर्षीय मनीराम उइके के रूप में हुई है। मनीराम उइके अपने रिश्तेदारों से मिलने ग्राम बिजेगांव आए थे। शनिवार को वे बिजेगांव डेम में नहाने गए, जहां गहरे पानी में चले जाने के कारण यह हादसा हुआ। जब वे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिंडरई चौकी प्रभारी राजकुमार हिरकने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डेम किनारे मृतक के कपड़े मिले, जिसके बाद पानी में तलाश अभियान चलाया गया। हालांकि, शाम होने और अंधेरा बढ़ने के कारण शनिवार को उनका पता नहीं चल सका। रविवार सुबह डेम के किनारे पानी में मनीराम उइके का शव तैरता हुआ मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल नैनपुर भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ईएमएस/मोहने/ 08 जून 2026