क्षेत्रीय
08-Jun-2026
...


मंडला (ईएमएस)। जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 में ग्राम उदयपुर के आगे स्थित शारदा मंदिर के पास नागा घाटी में एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ लोहे के भारी-भरकम एंगल और पाइपों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गया। ट्रक के पलटते ही उसमें लोड लोहे के पाइप सड़क पर बिखर गए। हादसा इतना जबरदस्त था कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण वाहन का चालक केबिन के भीतर ही फंस गया। घटना होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। चालक को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों और क्रेन, जेसीबी की मदद से युद्ध स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बताया गया कि लोहे के पाइप बिखरने के कारण मार्ग पर दोनों ओर से आने-जाने वाले वाहनों के पहिए थम गए और कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों द्वारा तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। राहगीरों की सुविधा के लिए पुलिस द्वारा सूझबूझ से काम लेते हुए वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए यातायात को सुचारू कराया गया। समाचार लिखे जाने तक ट्रक के केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। ईएमएस/मोहने/ 08 जून 2026