अयोध्या(ईएमएस)। अयोध्या में एसटीएफ ने 2 लाख रुपए के इनामी बदमाश भानु प्रताप सिंह उर्फ बबलू (38) को मार गिराया। रविवार देर रात एसटीएफ को सूचना मिली थी कि आरोपी साथी के साथ बाइक से भाग रहा है। टीम ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने स्टेन-गन से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसे गोली लग गई। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मुठभेड़ रात करीब 11 बजे महाराजगंज थाना क्षेत्र के एमी घाट के पास हुई। बदमाश का साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। भानु प्रताप गोरखपुर का रहने वाला था। उस पर दूध कारोबारी की हत्या, लूट और रंगदारी जैसी गंभीर धाराओं में 40 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस उसे हार्डकोर अपराधी मानती थी। लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी। विनोद उपाध्याय / 08 जून, 2026