मधुबनी, (ईएमएस)। मधुबनी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मधुबनी पुलिस और एसएसबी को बड़ी सफलता मिली है। भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त कार्रवाई करते हुए 13 किलोग्राम गांजा के साथ दो नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अंधरामठ थाना पुलिस एवं एसएसबी को 7 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपाल की ओर से अवैध मादक पदार्थ की खेप भारत लाई जा रही है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा के पीलर संख्या 232 एवं 233 के पास घेराबंदी की। इसी दौरान दो-तीन व्यक्ति बोरा लेकर नेपाल से भारत की ओर आते दिखाई दिए। पुलिस बल को देखकर वे भागने का प्रयास करने लगे और अपने कंधे पर रखा बोरा फेंक दिया। जवानों ने घेराबंदी कर दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि अन्य फरार होने में सफल रहे। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार व्यक्तियों ने बोरे में गांजा होने की बात स्वीकार की। तलाशी लेने पर बोरे से कुल 13 पैकेट गांजा बरामद हुआ। मौके पर इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने पर इसकी कुल मात्रा 13 किलोग्राम पाई गई। इसके बाद विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करते हुए गांजा को जब्त कर लिया गया तथा दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। गिरफ्तार तस्करों की पहचान नेपाल के सप्तरी जिला अंतर्गत कमलपुर निवासी नेवालाल मंडल एवं चिलमिल यादव के रूप में हुई है। इस मामले में अंधरामठ थाना कांड संख्या 65/26 दर्ज कर एनडीपीएस अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस एवं एसएसबी का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। कार्तिक कुमार/संतोष झा- ०८ जून/२०२६/ईएमएस