नक्शा तरमीम व नामांतरण के प्रकरणों के निराकरण में गति लाएं,कलेक्टर ने दिए निर्देश वन ग्राम कायदा में 10 जून को आयोजित होगी सांझ चौपाल हरदा (ईएमएस)। सोमवार को टीएल बैठक के दौरान कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा कि सभी अधिकारी बैठक में पूरी जानकारी के साथ उपस्थित रहें। सभी अधिकारी सीएम हेल्पलाइन पर शिकायतों का अवलोकन कर उनका निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित करें। कोई भी शिकायत नॉट अटेण्डेंट न रहें। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, संयुक्त कलेक्टर रजनी वर्मा, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण इवने एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया, एसडीएम टिमरनी संजीव कुमार नागू व एसडीएम खिरकिया शिवांगी बघेल सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने नगर निकायों व पंचायतों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश से पूर्व सभी नाले व नालियों की साफ-सफाई कराई जाए। उन्होने राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि नक्शा तरमीम के कार्यों में गति लाएं। लंबित नामांतरण प्रकरणों को समय सीमा में पूर्ण कराएं। कोई भी प्रकरण निर्धारित समयावधि से बाहर न जाए, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नल जल योजना, स्वच्छता व भवन कर की राजस्व वसूली में गति लाएं। कलेक्टर ने बैठक में सभी अधिकारियों को बताया कि 10 जून को ग्राम कायदा में सांझ चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसमें बंशीपुरा, बड़झिरी, लाखादेह, बांसपानी, चन्दखाल, रातामाटी, लोधीढ़ाना, मालेगांव, बोरपानी, पाटियाकुंआ, रवांग, कचनार एवं केली सहित आसपास के ग्रामों के नागरिक शामिल होंगे। यह चौपाल सायंकाल 5 बजे से रात्रि 8 बजे तक आयोजित की जाएगी। उन्होने सभी विभागीय मैदानी अमले को संयुक्त रूप से भ्रमण कर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होने कहा कि सांझ चौपाल के दौरान प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का विधिवत पंजीयन कर समय-सीमा में निराकरण किया जाए। साथ ही पूर्व से लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनकी अद्यतन स्थिति चौपाल में प्रस्तुत करें। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने हेतु विकासात्मक प्रदर्शनी एवं स्टॉल भी लगाए जाएं, जिससे ग्रामीण नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिल सके। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को चौपाल के दौरान स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए। ईएमएस/मोहने/ 08 जून 2026