तेहरान (ईएमएस)। दुनिया की ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण हॉर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान ने बड़ा ऐलान किया है। ईरान ने कहा है कि जलडमरूमध्य को जहाजों की आवाजाही के लिए फिर से खोला जाएगा, लेकिन इसके साथ एक नई शर्त लागू होगी। ईरानी अधिकारियों के अनुसार, इस मार्ग से गुजरने वाले जहाजों को अब ट्रांजिट शुल्क देना पड़ सकता है। मॉस्को में ईरान के राजदूत काज़ेम जलाली ने कहा कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य पूरी तरह बंद नहीं रहेगा, लेकिन इसके संचालन के नियम ईरान और ओमान मिलकर तय करेंगे। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत शुल्क जहाज के प्रकार, उसके माल और अन्य शर्तों के आधार पर निर्धारित किया जा सकता है। हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक है। वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से होकर गुजरता है। हाल के महीनों में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के कारण इस मार्ग पर जहाजरानी बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेल की कीमतों और आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। ईरान की नई शर्त का अमेरिका ने विरोध किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ट्रांजिट शुल्क लागू होता है तो वैश्विक व्यापार और ऊर्जा बाजार पर इसका व्यापक असर पड़ सकता है। हालांकि, जलमार्ग के फिर से खुलने की संभावना से कई देशों को राहत मिलने की उम्मीद भी जगी है। सुबोध/०८-०६-२०२६