क्षेत्रीय
08-Jun-2026


एसडीएम एवं तहसील कार्यालयों को नवीन भवन में स्थानांतरित करने के दिए निर्देश नर्मदापुरम (ईएमएस)। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सोमवार को पुराने एसडीएम कार्यालय एवं नवनिर्मित एसडीएम कार्यालय भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसडीएम कार्यालय सहित तहसील कार्यालय नगरी एवं ग्रामीण को नवीन भवन में स्थानांतरित किए जाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने पुराने तवा भवन कार्यालय परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। साथ ही नवनिर्मित कार्यालय भवन के सामने अव्यवस्थित रूप से खड़ी की जा रही गाड़ियों की पार्किंग तत्काल बंद कराने एवं व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने नवीन भवन में विभिन्न कार्यालयों के संचालन हेतु कक्ष आवंटन की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयीन कार्यों के सुचारू संचालन के लिए लक्ष्यों का निर्धारण करने तथा प्रशासनिक कार्यों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने पर भी जोर दिया। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निर्देशित किया कि नवीन भवन में कैंटीन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही वाहन पार्किंग के लिए व्यवस्थित शेड निर्माण कराने तथा भवन परिसर के आसपास सुरक्षा की दृष्टि से फेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए गए। पुराने एसडीएम कार्यालय भवन के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दिव्यांगजन सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामाजिक न्याय विभाग को वहां स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। ईएमएस/मोहने/ 08 जून 2026