बदलापुर, (ईएमएस)। बदलापुर (पश्चिम) पुलिस थाने में एक साइबर ठगी का मामला दर्ज किया गया है, जिसमें एक व्यक्ति को ऑनलाइन ट्रेडिंग एल्गोरिदम सॉफ्टवेयर के नाम पर लाखों रुपये का चूना लगाया गया। घटना 23 फरवरी 2026 से 21 मई 2026 के बीच बदलापुर पश्चिम क्षेत्र में हुई। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता अशोक लक्ष्मण गांगुर्डे (52 वर्ष), जो बदलापुर पश्चिम के मोहन तुलसी विहार परिसर में रहते हैं, को आरोपी ने टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क किया। आरोपी ने खुद को ट्रेडिंग विशेषज्ञ बताते हुए ऑनलाइन ट्रेडिंग एल्गोरिदम सॉफ्टवेयर और उससे जुड़े विशेष पैकेज उपलब्ध कराने का झांसा दिया। आरोपी ने दावा किया कि इस सॉफ्टवेयर के जरिए शेयर बाजार में बेहतर मुनाफा कमाया जा सकता है। शिकायतकर्ता को भरोसे में लेकर विभिन्न बैंक खातों में रकम जमा करने के लिए कहा गया। आरोपी के बताए अनुसार शिकायतकर्ता ने अलग-अलग खातों में कुल 4,01,964 ऑनलाइन ट्रांसफर किए। इसके अलावा पीएम एंटरप्राइजेज, उल्हासनगर के माध्यम से अंगड़िया कैश ट्रांसफर सेवा द्वारा लगभग 4,77,484 रूपये और भेजे गए। इस प्रकार शिकायतकर्ता से कुल 8,81,472 रुपये की राशि प्राप्त करने के बाद आरोपी ने कोई लाभ नहीं दिलाया और न ही वादा किया गया सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया। इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ। शिकायत के आधार पर पुलिस ने सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66(C) और 66(D) सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है और पुलिस हवलदार शेख जांच कर रहे हैं। संतोष झा- ०८ जून/२०२६/ईएमएस