:: ई-रिक्शा रथ के जरिए कॉलोनियों में दस्तक; इन्द्रपुरी के नागरिकों ने बनाई जल संचयन की कार्ययोजना :: इंदौर (ईएमएस)। शहर का भूजल स्तर सुधारने और बूंद-बूंद पानी बचाने के लिए संस्था सेवा सुरभि ने अलख जगा दी है। संस्था द्वारा पिछले 25 वर्षों से चलाए जा रहे जल संरक्षण अभियान की कड़ी में अब जल चेतना रथ (ई-रिक्शा) शहर की गलियों में घूमकर नागरिकों को वर्षाजल संचयन की तकनीक सिखा रहा है। रविवार को इन्द्रपुरी कॉलोनी में आयोजित परिचर्चा में बड़ी संख्या में निवासियों ने जुड़कर भविष्य के लिए जल सहेजने का संकल्प लिया। :: हर कॉलोनी में बनेगी जल संरक्षण समिति :: इन्द्रपुरी कॉलोनी में हुई बैठक में नागरिकों ने जल संकट से निपटने के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की। प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविन्द तिवारी, संस्था के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा और केट (CAT) के सेवानिवृत्त वैज्ञानिक निकेतन सेठी ने बताया कि जल पुनर्भरण (Rainwater Harvesting) ही एकमात्र समाधान है। बैठक में निर्णय लिया गया कि: - प्रत्येक कॉलोनी में जल पुनर्भरण समिति गठित होगी। - सर्वे कर उन घरों की पहचान की जाएगी जहां रिचार्जिंग सिस्टम नहीं है, उन्हें प्रेरित किया जाएगा। - सड़क पर पानी जमा होने वाले स्थानों पर रिचार्ज पिट बनाकर फिल्टर मीडिया तैयार किए जाएंगे। - सरकारी बगीचों में वाटर रिचार्जिंग तकनीक अपनाई जाएगी। - इन्द्रपुरी में मुख्य सड़क के दोनों ओर पौधारोपण कर हरियाली का विस्तार किया जाएगा। :: घर-घर पहुँच रहे 15 हजार जागरूकता पर्चे :: संस्था के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा ने बताया कि शनिवार को खातीवाला टैंक के रिझवानी गार्डन में भी नागरिकों को वाटर हार्वेस्टिंग की बारीकियां समझाई गईं। संस्था ने विशेष रूप से 15 हजार जागरूकता पर्चे छपवाए हैं, जिन्हें ई-रिक्शा के माध्यम से घर-घर जाकर वितरित किया जा रहा है ताकि वर्षाकाल के पानी की एक भी बूंद व्यर्थ न जाए। उल्लेखनीय है कि नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए इसे महत्वपूर्ण बताया है। :: नागरिकों का दिखा उत्साह :: परिचर्चा में पियूष दुबे, दीपक पिंगले, कैलाश पेशवानी, मनीष भालेराव, सारंग देसी, शैलेन्द्र मंडलोई और जगदीश दरयावी सहित कई रहवासियों ने सक्रिय भागीदारी की। अरविन्द तिवारी ने नागरिकों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि जब तक समाज स्वयं आगे नहीं आता, बड़े बदलाव संभव नहीं हैं। प्रकाश/08 जून 2026 संलग्न चित्र : इंदौर। इन्द्रपुरी कॉलोनी में जल संरक्षण पर चर्चा करते केट के सेवानिवृत्त वरिष्ठ वैज्ञानिक निकेतन सेठी, अरविन्द तिवारी एवं संस्था संयोजक ओमप्रकाश नरेडा।