नई दिल्ली (ईएमएस)। मलेशिया में सुजुकी ने अपनी लोकप्रिय ऑफ-रोड एसयूवी जिम्नी के दो नए वेरिएंट लांच किए है। इनके नाम है ऑलग्रिप प्लस और राइनो प्लस। सुजुकी जिम्नी ऑलग्रिप प्लस को स्टैंडर्ड जिम्नी के मुकाबले अधिक प्रीमियम और सुरक्षित बनाया गया है। ये दोनों नए वेरिएंट 3-डोर जिम्नी के साथ पेश किए गए हैं और इनमें स्टाइलिंग, फीचर्स तथा सेफ्टी के मामले में कई बेहतरीन अपग्रेड देखने को मिलते हैं। इसमें पावर-फोल्डिंग ओआरवीएम्स दिए गए हैं जिनमें हीटिंग फंक्शन भी मिलता है। एसयूवी में 9-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम लगाया गया है, जो एप्पल कारप्ले और एंड्रॉइड ऑटो वायरलेस कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है। सेफ्टी के लिए ऑलग्रिप प्लस में एमएमवेव रडार, मोनोक्युलर कैमरा और रिवर्स कैमरा जैसे फीचर्स के साथ ड्यूल सेंसर ब्रेक सपोर्ट-2, लेन डिपार्चर वार्निंग, लेन डिपार्चर प्रिवेंशन, वीविंग अलर्ट, ऑटोमैटिक हाई बीम, इमरजेंसी स्टॉप सिग्नल और साइड व कर्टेन एयरबैग्स जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स शामिल हैं। इसमें ऑटोमैटिक एलईडी हेडलाइट्स और हेडलैंप वॉशर भी मिलते हैं। इंजन वही 1.5-लीटर के15बी नैचुरली एस्पिरेटेड 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन है जो 101 हॉर्सपावर और 130 एनएम टॉर्क जनरेट करता है, जिसे 4-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स और पार्ट-टाइम फोर-वील ड्राइव सिस्टम से जोड़ा गया है। जापान से इम्पोर्ट की गई इस जिम्नी ऑलग्रिप प्लस की कीमत लगभग 37.28 लाख रुपये है। नई सुजुकी जिम्नी राइनो प्लस को विशेष रूप से एक्सक्लूसिव स्टाइलिंग और हेरिटेज थीम के साथ लॉन्च किया गया है। इसमें स्पेयर व्हील पर आइकॉनिक राइनो लोगो, सुजुकी हेरिटेज ग्रिल, बोनट और दरवाजों पर रियल ऑफरोडर ब्रांडिंग वाले रेड, ग्रे और ब्लैक डेकल्स, लाल रंग के जिम्नी मड फ्लैप्स और फ्रंट व साइड बंपर अंडर गार्निश जैसे स्टाइलिंग एलिमेंट्स दिए गए हैं। जहां स्टैंडर्ड जिम्नी में केवल दो एयरबैग्स मिलते हैं, वहीं इस वेरिएंट में कुल 6 एयरबैग्स दिए गए हैं, जो सुरक्षा को बढ़ाते हैं। सुदामा/ईएमएस 10 जून 2026